म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड के ग्राम पंचायत कुण्डाडीह में रविवार को संयुक्त आदिवासी अधिकार मंच की बैठक मंगला प्रसाद के आवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता बबई सिंह मरकाम ने की। इसमें आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार और संवैधानिक प्रावधानों को लागू कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।सलखन से पहुंचे दुर्गा प्रसाद पठारी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन आदिवासी समाज के जीवन और अधिकारों से जुड़े हैं। उन्होंने समाज के लोगों से उच्च शिक्षा हासिल कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। बैठक में आदिवासी राष्ट्र घोषित किए जाने की मांग भी उठाई गई। मंगला प्रसाद ने कहा कि आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एकजुट होना होगा। पनिका समाज के राधेश्याम पनिका ने आदिवासी समाज की जमीन को संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/बैठक की अध्यक्षता कर रहे बबई सिंह मरकाम ने आगामी पंचायत चुनाव में 21 प्रतिशत आरक्षण लागू करने, आदिवासी धर्म कोड का कॉलम शामिल करने, पेसा एक्ट तथा पांचवीं, छठवीं और आठवीं अनुसूची के प्रावधान लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने खनिज संपदा पर आदिवासी समाज के अधिकार की बात भी रखी। बैठक का संचालन कर रहे अमर सिंह खरवार ने जिले में स्थापित अडाणी कंपनी का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सोनभद्र के आदिवासी रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेशों में पलायन कर रहे हैं, जबकि जिले में बड़े पैमाने पर औद्योगिक कंपनियां स्थापित हैं और इनमें बाहरी प्रदेशों के लोग काम कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय आदिवासी युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की। इस दौरान खरवार महासभा के जिलाध्यक्ष अशोक खरवार समेत विभिन्न आदिवासी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बबई सिंह मरकाम, राधेश्याम पनिका, कृपाशंकर पनिका, रामरूप गोंड, मोहनलाल पनिका, अनुपम सिंह, रविन्द्र पनिका, तुलसी राम पनिका, देवशाह उरेती, रामलखन मरकाम, हरिप्रसाद सलबंदी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।