शक्तिनगर, सोनभद्र। थाना क्षेत्र के बीना स्टेडियम के पास रविवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में एनसीएल कर्मी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डायल-102 की मदद से संयुक्त अस्पताल डिबुलगंज पहुंचाया, जहां उसकी पहचान एनसीएल बीना परियोजना में कार्यरत कर्मी के रूप में हुई।मृतक की पहचान एनसीएल बीना आवासीय परिसर स्थित बी-टाइप 264 निवासी रमाशंकर मिश्र पुत्र रामयश मिश्र के रूप में हुई है। बताया गया कि रमाशंकर मिश्र एनसीएल बीना परियोजना में ओवरमैन के पद पर कार्यरत थे और रविवार को उनकी प्रथम पाली में ड्यूटी थी। परिजनों के अनुसार वह शनिवार रात ड्यूटी के लिए घर से निकले थे।read more :https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/रविवार सुबह करीब चार बजे उनकी मौत की जानकारी परिवार को मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की दो बेटियां रिद्धि (7) और सिद्धि (5) हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चियों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि रमाशंकर मिश्र मूल रूप से रीवा, मध्य प्रदेश के निवासी थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।