भदोही। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिसमें जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन तथा स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान एडीएम ने विद्यालयों में संचालित सभी स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय वाहन का फिटनेस प्रमाण-पत्र एवं परमिट अनिवार्य रूप से वैध होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वाहनों की नियमित जांच करने तथा मानकों के विपरीत पाए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।read more:https://pahaltoday.com/a-grand-tiranga-yatra-was-taken-out-in-payagpur-under-the-leadership-of-the-bdo-the-market-echoed-with-chants-of-bharat-mata-ki-jai/उन्होंने विशेष रूप से कहा कि स्कूली बच्चे बाइक से विद्यालय न आएं। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित विभागों द्वारा अभिभावकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। विद्यालयों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों में सुरक्षित आवागमन की आदत विकसित करने पर बल दिया गया। बैठक में जनपद की सड़कों पर दुर्घटना संभावित स्थानों एवं यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सड़क निर्माण से संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा सड़क पर आवश्यक संकेतक, सुरक्षा उपाय एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, पशु चिकित्सा अधिकारी, एडिशन सीएमओ, एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन), जिला आबकारी अधिकारी, बीएसए, डीआईओएस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।