डाकघर गोली (चंबा): “घर की दीवारें ढह सकती हैं, लेकिन अगर इरादे मजबूत हों तो सपनों की उड़ान को कोई तूफ़ान नहीं रोक सकता।” इस कहावत को सच कर दिखाया है डलहौजी उपमंडल के टिकरू गांव (डाकघर गोली) की होनहार बेटी गुंजन ने। 26 अगस्त 2025 का दिन गुंजन और उनके परिवार के लिए किसी भयानक सपने से कम नहीं था, जब टीवी रियलिटी शो “Kisme Kitna Hai Dum” के ऑडिशन की तैयारी के दौरान ही अचानक बादल फटने से उनके घर का अगला हिस्सा ज़मींदोज हो गया। एक ही पल में परिवार का आशियाना बिखर गया, लेकिन गुंजन ने कठिन परिस्थितियों और आर्थिक तंगी के आगे घुटने नहीं टेके।
read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/अपने डांस के जुनून को जिंदा रखते हुए उन्होंने शो में कदम रखा और अपनी प्रतिभा के दम पर लगातार तीन राउंड पार कर लिए। एक होटल में काम करने वाले पिता रवि कुमार, मां रीना कुमारी, दादा-दादी, बहन मन्नत और छोटे भाई के सहयोग से आगे बढ़ रही गुंजन अब चौथे राउंड के नतीजे के बाद ग्रैंड फिनाले में पहुंचने की दहलीज पर हैं। परिवार की आंखों में खुशी के आंसू हैं और गुंजन का सबसे बड़ा सपना शो जीतकर मिलने वाली राशि से अपने पिता का टूटा हुआ घर दोबारा बनाना है। आपदा के बीच अपने सपनों की अलख जगाए रखने वाली चंबा की यह बेटी आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है और पूरा हिमाचल उनकी जीत के लिए दुआएं मांग रहा है।