रामसनेहीघाट, बाराबंकी। शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के वंचित और अवसरों से दूर वर्ग के लिए सम्पन्नता एवं सम्मान के द्वार खोलने का सबसे सशक्त माध्यम है। गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह विचार जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने ग्राम छन्दवल में स्वयंसेवी संस्था बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा निःशुल्क संचालित चाइल्ड फ्रेण्डली स्कूल के विद्यार्थियों को यूनिफार्म एवं स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम में व्यक्त किए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जब कोई बच्चा अच्छी शिक्षा प्राप्त कर जीवन में उन्नति करता है तो उससे सबसे अधिक आत्मसंतुष्टि उस शिक्षक को होती है, जिसने उसे पढ़ाया और आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में शिक्षा की रोशनी को उन घरों तक पहुंचाते हैं, जहां संसाधनों का अभाव है। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/उन्होंने कहा कि परिस्थितियां किसी बच्चे की प्रतिभा को रोक नहीं सकतीं, यदि उसे सही मार्गदर्शन और अवसर मिल जाए। संस्था के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए चाइल्ड फ्रेण्डली स्कूल की स्थापना के पीछे के उद्देश्य, प्रयासों और संघर्षों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था का संकल्प है कि आर्थिक अभाव किसी बच्चे की शिक्षा के मार्ग में बाधा न बने और प्रत्येक बच्चे को सीखने, आगे बढ़ने तथा अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिले। समाजसेवी देवेश गुप्ता ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और अपने माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के 100 बच्चों को निःशुल्क यूनिफार्म एवं स्कूल बैग वितरित किए गए। यूनिफार्म और स्कूल बैग प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। स्कूल परिसर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पौध रोपण किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं प्रिया मौर्या, सरिता यादव, इलावती, शिक्षक सुनील कुमार, आर.एन. रावत, पलक कनौजिया, अर्चना, छाया देवी, जियालाल एवं सरोज सहित करीब एक सैकड़ा बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।