ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर डीएम का जोर, स्वयं सहायता समूहों को बाजार और बैंकिंग से जोड़ने के दिए निर्देश

Share
गाजीपुर। दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकास खंड सैदपुर एवं देवकली में कार्यशाला एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद भी मौजूद रहे।संवाद कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके कार्यों, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से उन्हें स्वरोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा जा रहा है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को केवल बैंक ऋण और प्रशिक्षण तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें स्वरोजगार गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और स्थायी आय के स्रोतों से भी जोड़ा जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
उन्होंने प्रत्येक पात्र परिवार का सर्वे कर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, उत्पादों की ब्रांडिंग और बिक्री व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जब ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी, तभी परिवार और समाज भी मजबूत होगा।कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। सैदपुर विकास खंड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रशासकों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जबकि देवकली विकास खंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को चिल्ड्रेन ग्रोथ डिवाइस किट वितरित की गई।कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं तथा अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी संचालन और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सैदपुर, खंड विकास अधिकारी देवकली, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *