बाराबंकी। प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश राही अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पहुंचे। निरीक्षण भवन, बाराबंकी पहुंचने पर जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रभारी मंत्री ने नगरीय पेयजल योजना के अंतर्गत मझलेपुर में निर्माणाधीन ओवरहेड पानी की टंकी के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कर योजना का संचालन प्रारम्भ कराया जाए, ताकि नगरवासियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की सुविधा समयबद्ध रूप से उपलब्ध हो सके। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने नगर पालिका परिषद नवाबगंज स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर गौशाला की साफ-सफाई, गौवंशों के रखरखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौशाला में आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा गौवंशों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के अंतिम चरण में प्रभारी मंत्री ने विकास खण्ड बंकी स्थित निवलेट फार्म एवं गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।read more:https://khabarentertainment.in/509-vidyut-sakhis-in-bijnor-receive-thermal-printers-instant-electricity-bill-receipts-will-now-be-available-at-doorsteps/ उन्होंने भ्रूण प्रत्यारोपण प्रयोगशाला, कुक्कुट पालन इकाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा पशुपालन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि सभी गौवंशों को पर्याप्त मात्रा में साइलेज, हरा चारा एवं भूसा नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वयं गौवंशों को गुड़, चना एवं केला खिलाया तथा वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए परिसर में स्थायी जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने गोशाला परिसर में पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर जॉइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।