बंद कमरे में मिला किसान का शव

Share

बाराबंकी। कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के मरकामऊ गांव में गुरुवार सुबह एक 36 वर्षीय किसान का शव बंद कमरे के भीतर साड़ी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मरकामऊ गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र घूरु (36) गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले। जब लंबे समय तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। सुबह करीब सात बजे खिड़की से झांककर देखा गया तो सुरेंद्र का शव छत के कुंडे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ दिखाई दिया।read more:https://khabarentertainment.in/cattle-found-below-standards-and-shortage-of-fodder-observed-during-sdms-surprise-inspection/ इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर कमरे को खोला और घटना की सूचना पुलिस को दी। परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी हिंद अस्पताल में स्वीपर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में उनके दो बेटे अंकुल (16 वर्ष) और अंश (14 वर्ष) हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कोतवाली बदोसराय प्रभारी राम औतार सरोज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *