बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश एवं मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन के मार्गदर्शन में जनपद की सभी 15 विकास खण्डों की ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता एवं झाड़ी कटाई अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों के मुख्य संपर्क मार्गों, विद्यालय परिसरों, आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बरसात के कारण उगी झाड़ियों की व्यापक स्तर पर कटाई कराते हुए साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने निर्देश दिए हैं कि सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं अन्य विद्यालयों के परिसरों तथा उनके आसपास झाड़ियों की कटाई सर्वाेच्च प्राथमिकता पर कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का स्वच्छ एवं व्यवस्थित परिसर बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही ग्राम पंचायतों के प्रमुख मार्गों को झाड़ियों से मुक्त रखकर आवागमन को सुगम बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/ मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों, एडीओ (पंचायत), ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि अभियान की नियमित निगरानी करते हुए जहां भी आवश्यकता हो, वहां तत्काल झाड़ियों की कटाई एवं साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता न होकर ग्राम पंचायतों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम वातावरण स्थापित करने का सतत प्रयास है। सभी अधिकारियों को अभियान की प्रगति का सत्यापन करने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में विद्यालय परिसरों, सार्वजनिक स्थलों, संपर्क मार्गों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर व्यापक स्तर पर झाड़ियों की सफाई कराई गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता, सुरक्षित आवागमन तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर संचालित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध हो सकें और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण हो।