गाजीपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से किया। इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को अब इलाज के लिए अपनी जेब से खर्च नहीं करना पड़ेगा। योजना के तहत प्रदेश के सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए समझौते के तहत शिक्षकों को दुर्घटना बीमा एवं टर्म लाइफ इंश्योरेंस का लाभ भी मिलेगा।गाजीपुर में इस अवसर पर रायफल क्लब सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने की। विधायक जखनिया बेदी राम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राजन राय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षक समाज का दीपक है। यदि शिक्षक ही स्वस्थ नहीं रहेगा तो समाज को दिशा कौन देगा।”raed more:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/ उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त करने के उद्देश्य से यह योजना लागू की है, ताकि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान दे सकें।जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित कर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में गाजीपुर के पांच महाविद्यालयों के 22 शिक्षकों को योजना से लाभान्वित किया गया है। आगामी चरण में जिले के 380 महाविद्यालयों के शिक्षक इस योजना से आच्छादित होंगे, जिससे गाजीपुर इस योजना के लाभार्थियों की संख्या के मामले में प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा जनपद बनेगा।विधायक बेदी राम ने कहा कि यह शिक्षक समाज के लिए ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षक निश्चिंत होकर अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इस योजना से शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी तथा उन्हें इलाज के लिए आर्थिक चिंता नहीं करनी पड़ेगी।राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनीता कुमारी ने योजना से लाभान्वित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए इसे शिक्षकों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम के अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, प्राचार्य, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।