ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का लगाया आरोप

Share

बाराबंकी। हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, हत्या करने और बाद में शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, मसौली थाना क्षेत्र के शहाबपुर गांव निवासी उम्मतुल ने अपनी पुत्री नरगिस का विवाह लगभग तीन वर्ष पहले हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी अफजाल पुत्र कल्लू के साथ कराया था। दंपति का एक करीब डेढ़ वर्षीय पुत्र इकरार भी है। शुक्रवार को नरगिस का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला।read more:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/ घटना की जानकारी मायके पक्ष को शाम लगभग चार बजे फोन के माध्यम से दी गई। सूचना मिलने के बाद जब मृतका के परिजन बम्हरौली पहुंचे तो उनके अनुसार घर पर ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसे लेकर मायके पक्ष ने संदेह जताया और तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। परिजनों का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े करती हैं और प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। मृतका की मां उम्मतुल ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उसकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि, पति अफजाल, ससुर कल्लू, देवर रिजवान, ननद रेशमा तथा एक अन्य महिला मोसिमाकृसभी मिलकर नरगिस पर दहेज लाने का दबाव बनाते थे। आरोप है कि इन्हीं लोगों ने साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया ताकि घटना को आत्महत्या साबित किया जा सके। मृतका की मां ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नरगिस का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद मायके पक्ष ने मसौली थाना क्षेत्र के शहाबपुर स्थित कब्रिस्तान में मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मामला आत्महत्या का है या फिर दहेज हत्या का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *