टोरंटो की तर्ज पर सवरेगी रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के नीचे की भूमि

Share

सोनभद्र। सोनभद्र को आधुनिक और आकर्षक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के नीचे स्थित खाली स्थान को कनाडा के टोरंटो शहर के प्रसिद्ध अंडरपास पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। करीब चार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस परियोजना में नागरिकों के लिए खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य और खानपान की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।read more:https://khabarentertainment.in/509-vidyut-sakhis-in-bijnor-receive-thermal-printers-instant-electricity-bill-receipts-will-now-be-available-at-doorsteps/जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि फ्लाईओवर के नीचे लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में तीन प्रमुख जोन विकसित किए जाएंगे। स्पोर्ट्स जोन में बच्चों के लिए अत्याधुनिक झूले, बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट नेट तथा युवाओं और बुजुर्गों के लिए ओपन जिम की व्यवस्था होगी। इसके अलावा फूड जोन में स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं ग्रीन जोन में सजावटी पौधों के साथ ट्रिपल आर (रिड्यूस, रियूज और रिसाइकिल) की अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए प्लास्टिक, रबर और अन्य अनुपयोगी सामग्री से तैयार आकर्षक शिल्प (स्कल्प्चर) लगाए जाएंगे। परियोजना के तहत फ्लाईओवर के नीचे की दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग कराई जाएगी, बैठने के लिए सुंदर स्थान विकसित किए जाएंगे तथा पूरी जगह को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र शहर का नया आकर्षण बनेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समुचित पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का पूरा कार्य नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से कराया जाएगा। कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। यह परियोजना पूरी होने के बाद रॉबर्ट्सगंज को एक नई पहचान मिलेगी और नगरवासियों को आधुनिक नगरीय सुविधाओं के साथ स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *