दुद्धी, सोनभद्र। विकासखंड सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष रंजना चैधरी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ पेयजल, मनरेगा, पंचम एवं 15वें वित्त आयोग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, विद्युत व्यवस्था, पेंशन योजनाओं, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समेत विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष रंजना चैधरी ने कहा कि बीते वर्षों में ब्लॉक क्षेत्र के सभी 58 गांवों में नाली, सीसी रोड, पुलिया, सोलर वाटर पंप, बाउंड्री वॉल और छठ घाट सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों का मानदेय नियमित भेजा जा रहा है और यदि किसी सदस्य को भुगतान नहीं मिला है तो तकनीकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। खंड विकास अधिकारी विशाल चैरसिया ने कहा कि सरकार द्वारा आवास, शौचालय, स्वयं सहायता समूह, किसान पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/उन्होंने लाभार्थियों से बैंक खाते की केवाईसी कराने और नियमित लेन-देन बनाए रखने की अपील की, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से भी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा जताई। बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों की नाराजगी भी खुलकर सामने आई। ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमचंद गुप्त के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक बीडीसी सदस्यों ने बैठक भत्ता एवं यात्रा भत्ता का वर्षों से भुगतान न होने के विरोध में बैठक का सामूहिक बहिष्कार कर दिया। सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पूरे पांच वर्षीय कार्यकाल में आयोजित अधिकांश बैठकों का भत्ता और यात्रा व्यय अब तक नहीं मिला है। उन्होंने बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।