भदोही। थाना गोपीगंज पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए जनपद के रास्ते व्यापक पैमाने पर अवैध शराब तस्करी में लिप्त एक शराब तस्कर को गिरफतार किया। कब्जे से 1005 अंग्रेजी शराब व ट्रैक्टर-टैंकर बरामद किया। बरामद शराब की कीमत लगभग 11 लाख रुपए आंकी गई है। एएसपी शुभम अग्रवाल ने सोमवार को थाना गोपीगंज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को भोर में करीब 3:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जीटी रोड स्थित सर्विस लेन, गेराई पावर हाउस के पास से अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त मनोज उर्फ राहुल सैनी पुत्र रण सिंह, निवासी ग्राम आबादगढ़, थाना भवन, जनपद शामली का है। एएसपी ने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से एक पानी के टैंकर में छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/ कुल बरामद शराब 1005 लीटर है। जिसकी कीमत लगभग 11 लाख रुपए की होगी। तस्कर के कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल फोन, 1170 रुपया नकद, घटना में प्रयुक्त एक महिंद्रा 265 डीआई ट्रैक्टर एवं शराब से भरा एक पानी का टैंकर बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि यह ट्रैक्टर व शराब से भरा पानी का टैंकर उसे इंडियन पेट्रोल पंप, कुरथल पानीपत, हरियाणा के पास मिला था। उसे माल बिहार पहुंचाकर वापस ट्रैक्टर लाने के बदले 25,000 रुपए दिए जाने थे। अभियुक्त ने बताया कि यह गिरोह अंग्रेजी शराब को बिहार ले जाकर महंगे दामों पर बेचकर अच्छा खासा मुनाफा कमाता है। उक्त गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध पुलिस द्वारा थाना गोपीगंज पर धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा अन्य संलिप्त अभियुक्तों की तलाश जारी है।