मालन नदी में बड़ा हादसा: पुल से छलांग लगाने के बाद तीन किशोर तेज बहाव में बहे, एक बचा, दो लापता; रेस्क्यू अभियान जारी

Share
किरतपुर । लगातार हो रही बारिश के चलते उफान पर आई मालन नदी में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंडावर रोड स्थित मालन नदी पुल पर नहाने पहुंचे तीन किशोर तेज बहाव की चपेट में आ गए। इनमें एक किशोर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि दो किशोर नदी में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।read more:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/
प्राप्त जानकारी के अनुसार किरतपुर के मोहल्ला राधगान निवासी शाबान पुत्र शादाब उम्र लगभग 16 वर्ष, अलीम पुत्र आजम उम्र लगभग 15 वर्ष तथा सदीम पुत्र शाहआलम उम्र लगभग 17 वर्ष मंडावर रोड स्थित मालन नदी पुल पर नहाने के लिए पहुंचे थे। बताया जाता है कि तीनों ने पुल से नदी में छलांग लगा दी। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण मालन नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव बेहद तेज था। छलांग लगाने के कुछ ही पलों में तीनों किशोर पानी की तेज धारा की चपेट में आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सदीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, लेकिन शाबान और अलीम तेज बहाव में बह गए। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। किरतपुर नगर पालिका चेयरमैन अब्दुल मन्नान व राधगान सभासद अबुशीमा भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से बचाव कार्य की जानकारी ली। पुलिस, प्रशासन, गोताखोरों तथा स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लापता किशोरों की तलाश लगातार जारी है।हादसे के बाद मालन नदी पुल और आसपास के क्षेत्र में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर किसी की निगाहें रेस्क्यू टीम पर टिकी हैं और लोग दोनों किशोरों के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। समाचार लिखें जाने तक दोनों किशोर की तलाश जारी थी।प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में उफनाई नदियों,नहरों और तेज बहाव वाले जलाशयों में न उतरें तथा अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। बारिश के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *