12 जुलाई को फिरोजाबाद में हरियाली का महाअभियान, 44.24 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

Share
फिरोजाबाद। जनपद में 12 जुलाई को वृक्षारोपण महाउत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन जिलेभर में 44 लाख 24 हजार 300 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसान सम्मान निधि के प्रत्येक लाभार्थी द्वारा कम से कम एक पौधा अवश्य लगाया जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रहे। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी लाभार्थियों को अपने आवास परिसर अथवा आसपास सहजन का पौधा लगाने के निर्देश दिए गए हैं। खंड विकास अधिकारियों को अमृत सरोवरों पर व्यक्तिगत रुचि लेकर सघन वृक्षारोपण सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।read more:https://khabarentertainment.in/asp-shubham-agarwal-reviewed-the-beat-police-personnel-at-the-police-office/
उन्होंने कहा कि पौधरोपण वैज्ञानिक तरीके से किया जाए। जिस क्षेत्र की जैसी मिट्टी हो, उसी के अनुरूप पौधों का चयन किया जाए, ताकि पौधों की उत्तरजीविता शत-प्रतिशत बनी रहे। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, संभ्रांत नागरिकों तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
वृक्षारोपण के दौरान किए गए बेहतर कार्यों और पौधरोपण की तस्वीरों व वीडियो का संकलन कर उन्हें सोशल मीडिया तथा राज्य सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिससे अन्य लोग भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित हो सकें।12 जुलाई को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक जिलेभर में पौधरोपण किया जाएगा। ग्राम पंचायत और नगर निकाय स्तर पर लगाए गए पौधों का विवरण खंड विकास अधिकारियों द्वारा जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी और प्रभागीय वनाधिकारी के माध्यम से जानकारी राज्य स्तरीय कमांड सेंटर तथा प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल पर अपलोड कराई जाएगी।जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से 12 जुलाई को अपने घर, खेत और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर महाउत्सव को सफल बनाने की अपील की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम बदन राम, प्रभागीय वनाधिकारी भानेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *