5 मिनट की बारिश में घोसिया नगर पंचायत की पूरी तरह से व्यवस्था फेल

Share
भदोही। नगर पंचायत घोसिया‌ का वार्ड नंबर-6 महज 5 मिनट की बारिश ने नगर पंचायत घोसिया की व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी। वार्ड नंबर 6 स्थित सीउर रोड पर बारिश के बाद जगह-जगह पानी भर गया और नालियां पूरी तरह जाम हो गईं।read more:https://pahaltoday.com/retired-teachers-and-shikshamitras-honored-at-baragaon-brc/
यह सड़क सीउर गांव, त्रिलोकपुर, उगापुर, हवाई पट्टी और चिंतामणपुर समेत कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। बारिश के बाद पूरे मार्ग पर पानी भर गया। गंदा पानी सड़क पर फैलने के साथ-साथ आसपास के कई घरों में भी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी धर्मेश सिंह, पप्पू जायसवाल, विशाल जायसवाल, इरशाद अहमद और कन्हैया कुमार ने बताया कि पिछले एक वर्ष से नाली की सफाई, टूटी पटियों की मरम्मत और जल निकासी की समस्या को लेकर नगर पंचायत में लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहे। लोगों का कहना है कि नालियां पूरी तरह जाम होने से गंदा पानी सड़कों और घरों तक पहुंच रहा है। गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा‌ भी बढ़ गया है। कई बार जलभराव और टूटी पटियों के कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। निवासियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत सिर्फ बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई और जल निकासी की स्थिति बेहद खराब है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही नालियों की सफाई, टूटी पटियों की मरम्मत और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत के उच्च अधिकारियों_ से तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि वार्ड नंबर 6 के निवासियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *