रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। तहसील रामपुर मनिहारान में सोमवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका जिलाधिकारी ने स्वयं अवलोकन कर फरियादियों से विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 15, पूर्ति विभाग की 5, नगर पंचायत की 5, विद्युत विभाग की 2, पुलिस विभाग की 2 तथा विकास विभाग की 2 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों के मामलों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता को समाधान से संतुष्टि भी मिले।read more:https://pahaltoday.com/census-of-india-will-be-digital-in-2027-in-bhadohi/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, उपजिलाधिकारी डॉ. पूर्वा, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर कई मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।