सहारनपुर। थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने अवैध पशु कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक मृत कटिया (भैंस), पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण तथा दो अवैध छुरियां बरामद की हैं। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस, आर्म्स एक्ट और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निसार रोड स्थित एक मीट की दुकान के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अजीम निवासी दाऊद सराय तथा सादिक निवासी शीराजान मोहल्ला को अवैध रूप से पशु कटान करते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक मृत कटिया के अवशेष, कुल्हाड़ी, चापड़, स्टील की परात, प्लेट, लोहे के हुक, कम्प्यूटरीकृत तौल कांटा और दो अवैध छुरियां बरामद कीं।read more:https://pahaltoday.com/after-hearing-the-arguments-of-advocate-girish-srivastava-and-examining-the-file-sufficient-grounds-for-bail-were-found/ पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिना अनुमति पशु कटान कर मांस को शहर की विभिन्न दुकानों पर सप्लाई करते थे और प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सादिक के खिलाफ पहले भी बिजली चोरी और पशु क्रूरता से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों और अवैध मांस कारोबार से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह भाटी, उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, उपनिरीक्षक पंकज मिश्रा तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने अंजाम दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध पशु कटान और मांस के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।