बिजनौर। तहसील सदर में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।read more:https://pahaltoday.com/mission-shakti-team-made-women-and-girls-aware-2/
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक हो, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का निरीक्षण करें और तथ्यों के आधार पर आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने निर्देश दिए कि वर्तमान के साथ-साथ लंबित शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी आख्या के साथ संलग्न किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही संबंधित विभागों द्वारा निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उनके शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर ऋतु रानी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।