मोहर्रम सकुशल संपन्न होने पर दुलदुल कमेटी के अध्यक्ष अख्तर खान ने एसडीएम व सीओ को दी बधाई

Share
  भदोही। मोहर्रम पर्व नगर में बड़े ही शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पर्व को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन के साथ-साथ अखाड़ेदार, ताजियादार, दुलदुल कमेटी व भदोही की अवाम की अहम भूमिका रही। हर वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष यौमे आशूरा के दिन लगभग सभी ताजिया रात 10:30 बजे कर्बला में ठंडा कर दिए गए, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। दुलदुल कमेटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी अख्तर खां ने सपा नेता जावेद खां दुलदुल कमेटी के अन्य सदस्यों के साथ तहसील भदोही पहुंचे। जहां पर उन्होंने एसडीएम अरुण गिरी व सीओ सुमित त्रिपाठी को बुके व फूल माला पहनाकर मुबारकबाद दी। अख्तर खां ने कहा कि मोहर्रम पर्व को सकुशल व सौहार्द तरीके से संपन्न कराने में एक तारीख से लेकर दस तारीख तक पुलिस-प्रशासन का किरदार लाजवाब रहा। डीएम शैलेश कुमार व एसपी अभिनव त्यागी के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस के जांबाज सिपाहियों ने दिन-रात एक करके पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया। हर ताजिया जुलूस के साथ पुलिस मुस्तैदी से लगी रही और खुफिया विभाग की पैनी नजर बनी रही।read more:https://pahaltoday.com/district-supply-officer-inspected-the-farmer-registry-camp/
उन्होंने कहा कि पर्व को भाईचारे के साथ संपन्न कराने में ताजिया, जुलूस व अखाड़ेदार सहित भदोही की अवाम ने मुख्य भूमिका निभाई। दुलदुल कमेटी के अध्यक्ष होने के नाते सभी को मुबारकबाद देते हुए उम्मीद जताया कि आगे भी इसी तरह अमन-शांति के साथ पर्व संपन्न कराने में भदोही की अवाम अहम किरदार निभाएंगे। एसडीएम अरुण गिरी ने कहा कि पर्व सौहार्द वातावरण में संपन्न होने का हकदार ताजिया कमेटी, अखाड़ा कमेटी, दुलदुल कमेटी सहित भदोही की अवाम को जाता है। एसडीएम ने कहा सबसे अहम किरदार दुलदुल कमेटी के अध्यक्ष अख्तर खान की रही जिन्होंने सभी को एक साथ लेकर चलने का काम किया और पर्व को अच्छे तरीके से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। सीओ सुमित त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी पर्व को सौहार्द तरीके से संपन्न कराने में अवाम की मुख्य भूमिका रहती है। जनता मोहब्बत का एक कदम आगे बढ़ाती है तो पुलिस प्रशासन दो कदम बढ़ाती है। कहा भदोही ताना-बाना का शहर है जहां हर वर्ग के लोग पर्वों को मिलजुल कर मनाते हैं, यही शहर की सबसे बड़ी खूबसूरती होती है। एसडीएम अरुण गिरी व सीओ सुमित त्रिपाठी ने दुलदुल कमेटी के अध्यक्ष अख्तर खान को पर्व सौहार्द से संपन्न कराने पर माला पहनाकर बधाई दी।इस मौके पर दुलदुल कमेटी के सदस्य हलीम खां, इकबाल खां, गुलाब राईन, अफसर खां, सेराज खां खालसा, बब्लू सिद्दीकी, इमरान खां सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *