वाराणसी। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिला इकाई ने शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय, मिनी पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) वाराणसी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आभार एवं ज्ञापन पत्र सौंपा। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष अमृता सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।read more:https://pahaltoday.com/consumers-booked-for-gas-refill-booking/
जिला अध्यक्ष अमृता सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए शुरू की गई “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना” एक ऐतिहासिक, संवेदनशील और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि वर्षों से शिक्षक समाज ऐसी व्यवस्था की प्रतीक्षा कर रहा था, जिससे आकस्मिक या गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक चिंता के बिना सम्मानजनक उपचार मिल सके।ज्ञापन के माध्यम से जनपद वाराणसी में इस योजना के सफल, प्रभावी और सुचारू क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे मार्गदर्शन और समन्वय की भी सराहना की गई। संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि इस योजना से शिक्षक समुदाय में सुरक्षा और संतोष की भावना मजबूत होगी तथा शिक्षा व्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष अमृता सिंह के साथ रश्मि त्रिपाठी, सरिता पांडे सहित संघ की अन्य शिक्षिकाएं एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।संगठन ने ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री (मिनी पीएमओ कार्यालय, वाराणसी), मंडलायुक्त, जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी, वाराणसी को भी आवश्यक कार्यवाही एवं संज्ञान के लिए प्रेषित की।