लखीमपुर-खीरी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का आक्रोश बृहस्पतिवार को निघासन ब्लॉक कार्यालय में खुलकर सामने आया। महिलाओं ने ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) आशीष दीक्षित पर अभद्र व्यवहार और महिलाओं के सम्मान के प्रतिकूल आचरण का आरोप लगाते हुए ब्लॉक कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) जयेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, संबंधित अधिकारी को तत्काल कार्यमुक्त करने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में महिलाओं ने आरोप लगाया कि ब्लॉक मिशन मैनेजर का व्यवहार महिलाओं की गरिमा के अनुरूप नहीं है, जिससे मिशन की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उनका कहना था कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आशीष दीक्षित को तत्काल वर्तमान दायित्व से हटाया जाए। साथ ही आगामी 6 जुलाई को प्रस्तावित क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया भी जांच पूरी होने तक स्थगित रखी जाए, ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।read more:https://pahaltoday.com/sukesh-chandrashekhar-granted-bail-in-rs-200-crore-money-laundering-case/प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि शिकायत का निस्तारण होने से पहले चुनाव कराना उचित नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।खंड विकास अधिकारी जयेश कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं का शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित ब्लॉक मिशन मैनेजर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बीएमएम को हटाए जाने के संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है।