गंगोह। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की नगर इकाई ने उपजिलाधिकारी नकुड़ को भेज गए आठ सूत्रीय ज्ञापन में विभिन्न लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। भाकियू ने चेतावनी दी है कि यदि 8 जुलाई तक मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो 9 जुलाई को कोतवाली पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उपजिलाधिकारी नकुड़ को कोतवाली प्रभारी के माध्यम से भेज गए ज्ञापन में कहा गया है कि पांच माह पूर्व यूवा नगर क्षेत्र में आबिद उर्फ बोबी की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन और चालक का अब तक पता नहीं चल सका है। मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की गई है। इसके अलावा कोतवाली के सामने स्थित बीज भंडार से ट्रॉली चोरी की घटना में मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई करने, नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्मैक की बिक्री पर रोक लगाने तथा नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाने की मांग भी उठाई गई है। रात के समय हो रहे अवैध मिट्टी एवं रेत खनन पर तत्काल रोक लगाने, नगर में संचालित अवैध आरा मशीनों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा हरे-भरे पेड़ों के अवैध कटान पर प्रभावी अंकुश लगाने की भी मांग की है। कोतवाली में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी मुकदमों पर रोक लगाने तथा एसओजी के नाम पर अपराधियों से कथित सांठगांठ और थाने परिसर में समझौते कराने के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग भी की है।read more:https://pahaltoday.com/school-chalo-campaign-increased-awareness/भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि 8 जुलाई तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 9 जुलाई को कोतवाली गंगोह पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर उसकी जिम्मेदारी प्रशासन एवं पुलिस की होगी। ज्ञापन पर जिला सचिव बृजपाल सैनी, नगर अध्यक्ष मेहरबान कुरैशी, नगर उपाध्यक्ष कलीम कुरैशी, ब्लॉक अध्यक्ष तहसीन सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।