गाजीपुर । मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गाजीपुर एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने शनिवार को थाना सादात क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।read more:https://pahaltoday.com/co-gave-instructions-for-action-against-anarchists-and-drug-addicts/पैदल गश्त के दौरान बस स्टैंड, सैयदबड़ा, टेढ़िया मोहल्ला, आजाद नगर, शहीद नगर, मुख्य बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों तथा आमजन से संवाद स्थापित कर मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया। साथ ही लोगों से पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की गई।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताजिया जुलूसों के मार्ग में आने वाली किसी भी प्रकार की बाधा को समय रहते दूर किया जाए। उन्होंने ताजियादारों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।प्रशासन द्वारा मोहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जुलूस मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों की सहायता से संवेदनशील स्थलों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनियां, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, प्रभारी निरीक्षक सादात, नगर पंचायत अध्यक्ष सादात, अधिशासी अभियंता सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।