गाजीपुर- 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद गाजीपुर में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। जिले की सभी सात तहसीलों, 16 विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में भी योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।read more:https://pahaltoday.com/shailendra-kumar-dwivedi-a-pharmacist-posted-at-the-community-health-center-visheshwarganj-became-the-district-president-of-the-health-department/कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर रहे। उनके साथ विधायक वेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अतिथियों का स्वागत किया।इस अवसर पर कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम तथा झांसी में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के योगाभ्यास कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संदेश सुना और योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।अपने संबोधन में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक पहचान प्राप्त कर चुका है और करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में भी लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाए रखना है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया।विधायक वेदी राम ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति एवं ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। वहीं विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि योग स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली का आधार है और इसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।योग प्रशिक्षिका कुमारी विजेता पांडेय एवं मुकेश यादव के निर्देशन में योग प्रोटोकॉल के अनुरूप लगभग 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।जिला विकास अधिकारी राजन राय ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े विभागों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम स्वस्थ, नशामुक्त एवं संस्कारित समाज निर्माण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त मेरा युवा भारत (MY Bharat) के स्वयंसेवकों द्वारा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया।