भदोही। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नगर के एक व्यवसायिक प्रतिष्ठान में श्रम विभाग द्वारा गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कहा कि बाल श्रम की समस्या को समाप्त करने के लिए सभी को जागरूक होना पड़ेगा। समाज में प्रचार-प्रसार के जरिए अभियान चलाकर ही इस समस्या से निजात मिल सकती है। इस दौरान विशिष्ट अतिथि ईंट निर्माता संघ भदोही के अध्यक्ष मिठाई लाल दुबे ने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से ही बाल श्रम को जड़ से समाप्त किया जा सकता है। अति विशिष्ट अतिथि कालीन निर्यातक रवि पाटोदिया ने भी कहा कि सामूहिक प्रयास से ही इस समस्या का संपूर्ण समाधान संभव है। उन्होंने नारा दिया बाल श्रम हटाना है, बच्चों को पढ़ाना है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख व समाजसेवी पूनम मौर्या ने कहा कि प्रचार-प्रसार कर जन-जन तक संदेश पहुंचाना होगा कि बाल श्रम सामाजिक एवं कानूनी अपराध है। इस पर रोक लगाना जरूरी है और सभी बच्चों को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। समाजसेवी आरती सिंह ने कहा कि माता-पिता का जागरूक होना सबसे जरूरी है, क्योंकि बच्चों के भविष्य निर्माता वही होते हैं। समाजसेवी स्नेह लता श्रीवास्तव ने भी विचार रखे।read more:https://pahaltoday.com/gujarat-prepares-for-centenary-commonwealth-games-donald-rukare-leads-team-to-visit/
श्रम प्रवर्तन अधिकारी अवनीश त्रिपाठी ने बाल श्रम निषेध पर विचार रखते हुए सरकार द्वारा श्रमिकों के हित में चलाई जा रही योजनाओं और श्रम कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर ईंट निर्माता संघ उपाध्यक्ष मन्ना यादव, बंधुआ निगरानी समिति सदस्य बृजेश कुमार, अजय कुमार, वीरेंद्र यादव, गुड्डू दुबे, वकील यादव, नारायण गुप्ता, जमील अहमद, गया सिंह, राकेश सिंह, संतोष यादव, नितिन जायसवाल उर्फ रिशु सहित बड़ी संख्या में प्रतिष्ठानों, नियोजकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और ईंट भट्ठा संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन इंद्रजीत तिवारी ने किया।