ललितपुर- 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने की। बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, योग सप्ताह तथा जनपद स्तरीय मुख्य समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज संपूर्ण विश्व ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन केवल एक दिवस का कार्यक्रम न होकर जनसामान्य के मध्य योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से कार्यक्रमों के सफल संचालन पर बल दिया।मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि योग व्यक्ति, समाज एवं राष्ट्र के समग्र स्वास्थ्य का आधार है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे योग का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि 15 जून से 21 जून 2026 तक जनपद में योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/khalsa-srcc-and-ramjas-college-win-in-pspb-baba-deep-singh-basketball/ योग सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न योगाभ्यास कार्यक्रम, योग जागरूकता अभियान, संगोष्ठियां, निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, प्रभात फेरियां तथा स्वास्थ्य संवर्धन संबंधी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।बैठक में यह भी तय किया गया कि 15 जून 2026 को जनपद के समस्त विकास खंडों एवं तहसील मुख्यालयों पर योग सप्ताह का शुभारंभ किया जाएगा। इसके कंपनी बाग में योग सप्ताह के भव्य उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, एक जनप्रतिनिधि बुलाना पड़ेगा जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह के संबंध में निर्णय लिया गया कि 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय पुलिस लाइन में जनपद स्तरीय भव्य योग समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास भी कराया जाएगा।बैठक में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु विभिन्न प्रशासनिक विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।आयुष विभाग के संयोजन में आयोजित इस बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश, जिला विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक ओम प्रकाश अधिशासी अधिकारी प्रजापति क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अर्चना साहनी जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. राजेश शाक्य, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) डॉ. आशुतोष कुमार गोस्वामी, मास्टर योगा ट्रेनर रामू कांत सहित जनपद के समस्त प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।इसके अतिरिक्त गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी, पतंजलि योग संस्थान, योग भवन, जिंदा दिल ग्रुप सहित विभिन्न सामाजिक एवं योग संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य भी बैठक में उपस्थित रहे तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह के सफल आयोजन हेतु अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।बैठक का समापन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को जनपद में ऐतिहासिक एवं जनभागीदारी आधारित आयोजन के रूप में संपन्न कराने के संकल्प के साथ हुआ।