सरयू नदी में मगरमच्छ के हमले से अवध राम की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर छुड़ाया

Share
लखीमपुर खीरी थाना पढ़ुआ क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेलियार के बोकरीहा गांव में सरयू नदी किनारे हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बकरियां चरा रहे अवध राम पुत्र मूलचंद पाल पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है।read more:https://pahaltoday.com/aarohi-became-dm-for-a-day-boosted-the-morale-of-the-girl-students/
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अवध राम सोमवार को रोज की तरह सरयू नदी के किनारे अपनी बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान नदी से निकले एक मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। अवध राम की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर मगरमच्छ के चंगुल से अवध राम को छुड़ाया और नदी किनारे बाहर निकाला।हालांकि मगरमच्छ के हमले में अवध राम गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। ग्रामीणों द्वारा बचाने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। घटना के बाद बोकरीहा गांव समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सरयू नदी के किनारे अक्सर मगरमच्छ दिखाई देते हैं, जिससे लोगों और पशुओं की सुरक्षा को लगातार खतरा बना रहता है।ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा मगरमच्छ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।अवध राम की असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। यह घटना एक बार फिर नदी किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा और वन्यजीवों से बढ़ते खतरे की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *