गाजीपुर । जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बुधवार को विकास खंड मनिहारी में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों के निष्पादन की गहन समीक्षा की।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विद्यालय भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से निर्माण कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा तकनीकी मानकों का विशेष रूप से परीक्षण करते हुए सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल शासन की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए एकीकृत शिक्षा व्यवस्था विकसित की जा रही है। यह विद्यालय अटल आवासीय विद्यालय की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है तथा प्रदेश के प्रत्येक जिले में इस प्रकार के विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/youths-body-found-hanging-under-suspicious-circumstances-police-investigating/उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय से आगे चल रहा है और विद्यालय के नवंबर माह तक पूर्ण होने की संभावना है। गुणवत्ता परीक्षण के संबंध में उन्होंने बताया कि इलाहाबाद एमएनआईटी प्रयागराज से निर्माण कार्य की जांच कराई जा चुकी है, जिसमें गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में यदि निर्माण गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो कार्यदायी संस्था के विरुद्ध एग्रीमेंट के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।कार्य में अपेक्षित गति न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी को मजदूरों की संख्या बढ़ाने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था एवं शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उच्च मानकों के अनुरूप विकसित की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध हो सके।इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) मनिहारी के निर्माणाधीन एकेडमिक ब्लॉक का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।