सैदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बस की चपेट में आने से मां, मासूम बेटी समेत तीन की मौत

Share
गाजीपुर। सैदपुर नगर से बहरियाबाद जाने वाली सड़क पर शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार की दो महिलाओं और एक दो माह की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक और उसकी एक वर्षीय पुत्री घायल हो गए। घटना के बाद परिवार व गांव में मातम पसरा हुआ है।  जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव निवासी प्रतीक गिरि अपनी पत्नी काजल गिरि, दो माह की पुत्री शेजल, एक वर्षीय पुत्री श्रेया तथा भाभी रितु देवी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार आजमगढ़ में बीमार सास का हालचाल जानने गया था और वहां से वापस अपने गांव लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही बाइक शरीफपुर अंडरपास के पास पहुंची, पीछे से आ रही एक यात्री बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।read more:https://pahaltoday.com/india-is-building-the-kolkata-bangkok-expressway-which-will-connect-four-countries/ टक्कर लगते ही बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बस चालक वाहन रोकने के बजाय आगे बढ़ाने लगा, जिससे काजल गिरि और रितु देवी बस की चपेट में आ गईं। काजल की गोद में मौजूद दो माह की मासूम शेजल की भी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में प्रतीक गिरि और उनकी एक वर्षीय पुत्री श्रेया घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल बस का पीछा कर उसे कोतवाली क्षेत्र में रोक लिया। इसके बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतका रितु देवी निःसंतान थीं। एक ही परिवार में तीन मौतों की खबर मिलते ही शाहपुर गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *