मुख्यमंत्री योगी ने शाकंभरी बाढ़ हादसे की समीक्षा की, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

Share
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में अचानक आए जलप्रवाह से हुई दुर्घटना की समीक्षा की। उन्होंने बाबा भूरा देव मंदिर और मां शाकंभरी देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत, पुनर्वास और भविष्य की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से घटना और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं पुलिस व्यवस्थाओं की जानकारी डीआईजी अभिषेक सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री ने भूरा देव से मां शाकंभरी देवी मंदिर तक प्रस्तावित एलिवेटेड ब्रिज और सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अतिरिक्त श्रमिक लगाकर शारदीय नवरात्र तक कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाए। यदि ऐसा संभव न हो तो दिसंबर तक दोनों दिशाओं का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।read more:https://pahaltoday.com/new-kotwal-shailesh-kumar-rai-took-charge-of-bhadohi-kotwali/मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जब तक पुल निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने मां शाकंभरी देवी खोल को चैनलाइज करने और सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को बाबा भूरा देव मंदिर के निकट उपयुक्त स्थान पर विकसित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही खोल के दोनों किनारों पर बोल्डर लगाने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने को कहा, ताकि जलभराव अथवा अचानक जलप्रवाह की स्थिति में लोगों को सुरक्षित रखा जा सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा मनुष्य के नियंत्रण में नहीं होती, लेकिन आधुनिक तकनीक और समय पर चेतावनी प्रणाली के माध्यम से जनहानि और धनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में समय रहते अलर्ट जारी किया जाए और नुकसान की सूचना तत्काल शासन को भेजी जाए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ से हुई जनहानि और आर्थिक नुकसान की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों और अन्य नुकसान झेलने वाले लोगों का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मुख्यमंत्री को बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मां शाकंभरी देवी धाम आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी श्रद्धालु को बिना दर्शन किए वापस न लौटना पड़े। बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, राज्यमंत्री जसवंत सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, महापौर डॉ. अजय सिंह, विधायक देवेंद्र निम, विधायक किरत सिंह, विधायक राजीव गुंबर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, एडीजी भानु भास्कर, मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, एसपी देहात मयंक पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *