सोनभद्र। डाला पुलिस चैकी क्षेत्र के सेक्टर-सी स्थित एलसी कॉलोनी में रविवार को एक सीमेंट कंपनी के कर्मचारी का शव उसके आवास के बंद कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना होने के कारण कमरे से तेज दुर्गंध उठ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।read more:https://pahaltoday.com/the-woman-appealed-to-the-superintendent-of-police-for-justice-alleging-theft-of-jewellery-and-cash-worth-lakhs/जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पौने दस बजे एलसी कॉलोनी स्थित आवास संख्या 3/4 से तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों का ध्यान गया। बकरी चराने वाले एक चरवाहे ने सबसे पहले इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना डाला पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चैकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बंद कमरे का दरवाजा तुड़वाया। कमरे के भीतर बिस्तर पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार (40) के रूप में हुई, जो मूल रूप से झारखंड का निवासी था और वर्तमान में स्थानीय सीमेंट फैक्ट्री के जुलगुल माइंस में पीसी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। उसका परिवार सिंगरौली (मध्य प्रदेश) में रहता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सीमेंट कंपनी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यदि कर्मचारी कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहा था तो उसकी खोजबीन क्यों नहीं की गई। कर्मचारियों की उपस्थिति और सुरक्षा को लेकर कंपनी की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। डाला चैकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।