गाजी मियां के मेले का नहीं हुआ आयोजन, जायरीनों की रही भीड़ 

Share
भदोही। हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक हजरत सैयद सालार मसूद गाजी रह.अलै. (गाजी मियां) का ऐतिहासिक मेला इस वर्ष भी नहीं लग सका। ऐसे में रविवार को नगर के मर्यादपट्टी स्थित गाजी मियां के आस्ताने पर पहुंचकर अकीदतमंदों ने चादरपोशी की और फातिहा पढ़कर मन्नतें मांगी। फातिहा पढ़ने के लिए वहां जायरीनों की भीड़ रही। लेकिन मेला क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। गाजी मियां का यह मेला सैकड़ों वर्षों से जेठ माह में आयोजित किया जाता चला आ रहा है। मेले में जनपद और आस-पास के क्षेत्रों से करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। गाजी मियां के रौजे पर मुस्लिम समुदाय के लोग फातिहा पढ़ने आते हैं तो साथ ही हिंदू श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में माथा टेकने और मन्नतें मांगने के लिए वहां आते हैं। पिछले वर्ष गाजी मियां मेला के आयोजन को लेकर हाईकोर्ट के लखनऊ पीठ में मामला लंबित होने के कारण आयोजकों को जिला प्रशासन द्वारा मेला आयोजित करने की अनुमति नहीं दी गई थी। सिर्फ चादरपोशी और फातिहा पढ़ने की इजाजत मिली थी। जबकि इस बार मेले के आयोजन को लेकर कोई पेंच नहीं था। हाईकोर्ट के लखनऊ पीठ ने इस मामले में अपने फैसले को सुनाते हुए मेला आयोजन करने की बात कही थी।read more:https://pahaltoday.com/former-mlc-presented-a-bicycle-to-meritorious-student-anshika-yadav/
जिला प्रशासन द्वारा मेले के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई। सिर्फ चादरपोशी करने और फातिहा पढ़ने की इजाजत दी गई। गाजी मियां मेला कमेटी के अध्यक्ष नुरैन खां ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मेले के आयोजन के लिए अनुमति नहीं दिए जाने के बाद स्थगित कर दिया गया है। हालांकि मेला स्थगित होने से श्रद्धालुओं में मायूसी है। इसके साथ ही मेले में दुकान लगाने वाले व्यापारियों को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि 10 मई को मेले का आयोजन किया जाना प्रस्तावित था। ऐसे में जायरीनों ने गाजी मियां के आस्ताने पर पहुंचकर चादरपोशी की और फातिहा पढ़कर मन्नतें मांगी। जिनकी मन्नतें पूरी हुई उन्होंने अपनी मन्नतें ऊतारी। होने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत वहां पर पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय पुलिस के जवानों के साथ चक्रमण करते हुए देखे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *