नहटौर। गुरूगद्दी दरबार फुलसंदा आश्रम में रविवार को आयोजित विशाल सत्संग में एक तू सच्चा, तेरा नाम सच्चा मंत्र के प्रतिपादक सतपुरुष बाबा फुलसन्दे वालों ने श्रद्धालुओं को सतगुरु, भक्ति और मानवता का महत्व बताते हुए जीवन को सही दिशा में ले जाने का संदेश दिया। सत्संग में दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।read more:https://pahaltoday.com/government-schools-remain-locked-childrens-future-in-
बाबा फुलसन्दे वालों ने कहा कि मनुष्य जीवन केवल भौतिक सुख-सुविधाओं को प्राप्त करने के लिए नहीं मिला है, बल्कि आत्मा के कल्याण और परमात्मा की प्राप्ति के लिए मिला है। उन्होंने कहा कि संसार में माया, मोह, क्रोध और अहंकार मनुष्य को सत्य के मार्ग से भटका देते हैं, जबकि सतगुरु ही उसे सही मार्ग दिखाकर अज्ञानता के अंधकार से बाहर निकालते हैं। उन्होंने कहा कि परमेश्वर निराकार हैं और सतगुरु उसी परम शक्ति का साकार रूप हैं। सत्संग और प्रभु भक्ति से मनुष्य के भीतर प्रेम, दया, सेवा और मानवता की भावना जागृत होती है। जिस व्यक्ति के मन में करुणा और परोपकार का भाव होता है, वही सच्चे अर्थों में प्रभु के निकट पहुंचता है।
बाबा ने कहा कि आज के समय में लोग बाहरी चमक-दमक और भौतिकता में उलझकर मानसिक अशांति का शिकार हो रहे हैं। ऐसे समय में सत्संग मन को शांति देने के साथ जीवन को नई दिशा भी प्रदान करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन प्रभु स्मरण करने, सत्संग से जुड़े रहने तथा समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाने का आह्वान किया। सत्संग के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। आश्रम परिसर में पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने बाबा फुलसन्दे वालों का आशीर्वाद प्राप्त किया।