गाजीपुर। जनपद न्यायालय गाजीपुर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला जज, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा गाजीपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे न्यायालय परिसर में लोक अदालत को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में वादकारी और आमजन उपस्थित रहे।read more:https://pahaltoday.com/a-grand-statue-of-veer-shiromani-maharana-pratap-will-be-installed-angad-singh/राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान लंबित वादों के त्वरित एवं आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। न्यायपालिका की इस पहल से लोगों को कम समय में सस्ता और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा संबंधी विषयों के प्रति भी जागरूक किया गया। इस दौरान गाजीपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन की ओर से विशेष जनजागरूकता स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़ी सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। वहीं साइबर जागरूकता स्टॉल पर लोगों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के प्रति सचेत किया गया तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। यातायात जागरूकता अभियान के तहत सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ट्रैफिक संकेतों एवं सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही फायर सर्विस विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा से जुड़े उपायों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीकों का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया, जिसे लोगों ने काफी रुचि के साथ देखा। राष्ट्रीय लोक अदालत के इस आयोजन ने जहां एक ओर लोगों को त्वरित न्याय का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर समाज में कानूनी जागरूकता, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने आमजन से कानून का पालन करने और जागरूक नागरिक बनने की अपील की।