अमेठी। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत थाना मोहनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 07 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 09 लाख रुपये बताई जा रही है।read more:https://pahaltoday.com/two-robbers-arrested-for-snatching-a-womans-mangalsutra-locket/
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में गुरुवार को क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में थाना मोहनगंज पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने मुकेश कुमार सिंह उर्फ रामू निवासी उत्तरपारा थाना मोहनगंज तथा शिवकुमार निवासी रेवरी मजरे उत्तरपारा थाना मोहनगंज को गिरफ्तार किया।तलाशी के दौरान मुकेश कुमार सिंह के कब्जे से 14 पुड़िया तथा शिवकुमार के पास से 12 पुड़िया अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि उन्हें गांजा राजदेव पुत्र रामस्वरूप निवासी ब्रह्मनी थाना फुरसतगंज द्वारा बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाता है।पुलिस ने दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर राजदेव को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक झोले में रखे तीन बंडलों से कुल 03 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में राजदेव ने बताया कि उसने हाल ही में मुकेश और शिवकुमार को 06 किलोग्राम गांजा दिया था, जिसमें से कुछ गांजा बेच दिया गया था। शेष गांजा भूपसिंह की पुलिया के नीचे छिपाकर रखा गया था, जहां से पुलिस ने दो अलग-अलग झोलों में रखे चार पैकेटों से कुल 04 किलोग्राम गांजा बरामद किया।इस प्रकार पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के कब्जे और निशानदेही से कुल 07 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।