राजीव जायसवाल बड़हलगंज। क्षेत्र के बेलसडी गांव निवासी 26 वर्षीय अमीर चंद्र साहनी की आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र में बारात के दौरान हुई चाकूबाजी में मौत के बाद गुरुवार को गांव में आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। read more:https://pahaltoday.com/banned-machines-are-exposing-claims-of-administrative-strictness/बताया जा रहा है कि मंगलवार रात आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र में जयमाल कार्यक्रम के दौरान कूलर की हवा की दिशा को लेकर मामूली विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। चाकूबाजी में अमीर चंद्र साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में राजकुमार साहनी, अभिलाष साहनी और साहिल यादव भी घायल हुए हैं। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार को शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन से कार्रवाई व अन्य मांगें रखीं। सूचना पर नायब तहसीलदार जय प्रकाश मौर्य व स्थानीय थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर सुरक्षा, घायलों के समुचित इलाज समेत तीन प्रमुख मांगों को मानने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।