जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट दिनांक 25.04.2026 के अनुसार दिनांक 15.04.2026 को प्रातः करीब 05:44 बजे डायल-112 को कॉलर सियाराम शर्मा पुत्र स्व० सदावृक्ष शर्मा निवासी ग्राम कटरिया थाना करण्डा जनपद गाजीपुर द्वारा सूचना दी गई कि उनकी पुत्री की मृत्यु जमानियां गंगा नदी के पुल से कूदकर हो गई है तथा पुल पर उसका गमझा, मोबाइल एवं चप्पल रखी हुई है। इस सूचना पर थाना जमानियां की पीआरवी मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकलवाने की आवश्यक कार्यवाही कराई गई तथा विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए मृतका का पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई और पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण DROWNING अर्थात पानी में डूबना अंकित किया गया है एवं शरीर पर कोई चोट नहीं पाई गई।read more:https://worldtrustednews.in/public-awareness-is-essential-for-cancer-prevention-vice-president/
दिनांक 18/19.04.2026 की रात्रि करीब 12:08 बजे मृतका के पिता सियाराम शर्मा की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-52/2026, धारा-103(1) बीएनएस के अंतर्गत हरिओम पाण्डेय एवं अभिषेक पाण्डेय निवासी ग्राम कटरिया थाना करण्डा जनपद गाजीपुर के विरुद्ध दिनांक 19.04.2026 को मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस तहरीर में मृतका के पिता द्वारा दोनों आरोपियों को आरोपित किया गया है। इस मुकदमे की विवेचना थाना प्रभारी करण्डा सन्तोष कुमार पाठक द्वारा प्रारंभ की गई। दिनांक 19.04.2026 को ही मुख्य आरोपी हरिओम पाण्डेय को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि दूसरे अभियुक्त अभिषेक पाण्डेय को गाजीपुर पुलिस द्वारा शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। दिनांक 22.04.2026 को गांव कटरिया में पुलिस पर पथराव की एक घटना हुई, जिसमें कटरिया की रहने वाली एक महिला सहित दो लोगों के सिर में चोट आई तथा थानाध्यक्ष करण्डा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली एवं अन्य पुलिस कर्मियों को भी चोटें आईं। इस घटना के संबंध में थाना करण्डा पर मु0अ0सं0-57/2026, अंतर्गत धारा-191(2), 191(3), 190, 109(1), 115(2), 125, 132, 351(3), 353(2) बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट के तहत 46 नामजद एवं 200 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। नामजद व्यक्तियों में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, गाजीपुर सदर विधायक जैकिशन साहू एवं जंगीपुर विधायक वीरेन्द्र यादव के नाम शामिल हैं। पथराव के समय समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल गांव में मौजूद था और उसमें शामिल व्यक्तियों के उत्तेजित होने पर पथराव किया गया।read more:https://worldtrustednews.in/a-family-returning-after-their-daughters-wedding-met-with-an-accident-killing-five-people-including-a-husband-wife-and-their-only-son/
जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा बताया गया है कि सियाराम शर्मा द्वारा पंजीकृत कराए गए अपनी पुत्री की मृत्यु के संबंध में एफआईआर में त्वरित विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा शीघ्र आरोप पत्र प्रेषित कर माननीय न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराकर आरोपियों को सजा दिलाई जाएगी। साथ ही पुलिस ने बताया कि कुछ शरारती तत्व सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से पूरे प्रकरण में पुलिस द्वारा की गई विधिक कार्रवाई को दरकिनार करते हुए असत्यापित, तथ्यहीन एवं भ्रामक अफवाहें फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। आमजन से अपील की गई है कि पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट एवं आधिकारिक मीडिया बाइट का अवलोकन कर सत्यता ज्ञात करें तथा किसी भी भ्रामक सूचना की जानकारी पुलिस के आधिकारिक सीयूजी नंबरों अथवा आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दें। जनपद गाजीपुर पुलिस जनपद में पूर्ण रूप से शांति एवं सक्रिय कार्रवाई हेतु प्रतिबद्ध है।