जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां निसगर गंगा घाट पर स्नान करने गए चार किशोर गहरे पानी की चपेट में आ गए। इस हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के गांव रानीखेड़ा में मातम पसरा हुआ है।मिली जानकारी के अनुसार, रानीखेड़ा गांव के रहने वाले चार किशोर सरेनी थाना क्षेत्र के निसगर गंगा घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान एक किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन साथी भी गहरे पानी की ओर बढ़ गए और देखते ही देखते चारों नदी की तेज धारा और गहराई में फंस गए।read more:https://khabarentertainment.in/strictness-on-cheating-dm-ssp-conducts-surprise-inspections-at-centres-before-home-guard-recruitment-exam/मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद चारों को पानी से बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी को सरेनी सीएचसी ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जिला अस्पताल के ईएमओ डॉक्टर आतिफ ने बताया कि सरेनी सीएचसी से तीन युवाओं को जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें ब्रॉट डेड घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान हरिओम (20 वर्ष), हरिशंकर (15 वर्ष) और सतेंद्र के रूप में हुई है। हादसे में घायल चौथे किशोर का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है, जिसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।क्षेत्राधिकारी अमित सिंह ने बताया कि चार युवक गंगा स्नान के लिए आए थे। एक को बचाने के प्रयास में बाकी साथी भी गहरे पानी में चले गए, जिससे यह दुखद हादसा हो गया। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।जैसे ही यह खबर रानीखेड़ा गांव पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। एक ही गांव के तीन युवाओं की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के हर घर में शोक का माहौल है।