गाजीपुर। विद्युत वितरण मंडल गाजीपुर के अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली तमाम भ्रांतियों को दूर करते हुए इसे पारदर्शिता और सुविधा की दिशा में बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कीपैड मोबाइल की जगह स्मार्टफोन ने ली, उसी तरह पारंपरिक मीटर अब स्मार्ट मीटर में बदल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब डोर-टू-डोर बिलिंग व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। उपभोक्ताओं को हर महीने की 1 तारीख को सीधे उनके मोबाइल पर बिलिंग संदेश प्राप्त होगा। पूरी बिलिंग प्रक्रिया डिजिटल होने से समय पर बिल मिलने की सुविधा मिलेगी और बकाया की समस्या में भी कमी आएगी।read more:https://khabarentertainment.in/akanshu-govil-takes-over-as-deputy-chief-traffic-manager-and-station-director-kanpur/ विवेक खन्ना ने बताया कि उपभोक्ता अब “स्मार्ट मीटर ऐप” या “ऊर्जावान ऐप” के जरिए अपनी रोजाना बिजली खपत की निगरानी कर सकते हैं। इससे उपभोक्ताओं को अपने खर्च पर सीधा नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। स्मार्ट मीटर के लाभों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि समय से बिल जमा करने पर 2 प्रतिशत तक टैरिफ में छूट दी जा रही है। वहीं बकायेदार उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है—करेंट बिल जमा करने पर 20 से 25 प्रतिशत राशि स्वतः पुराने बकाया में समायोजित हो रही है। प्रीपेड उपभोक्ताओं को लेकर फैली आशंकाओं पर उन्होंने कहा कि मीटर से तुरंत बिजली सप्लाई काटने जैसी कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। अधीक्षण अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें, स्मार्ट मीटर को अपनाएं और समय से बिल का भुगतान करें, ताकि इस नई व्यवस्था का पूरा लाभ मिल सके।