अफजलगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलाबाद में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ की घटना सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को उमेश यादव पुत्र मंसी यादव निवासी ग्राम रसूलाबाद ने थाना अफजलगढ़ में लिखित तहरीर देकर शिकायत की थी कि गांव निवासी परमजीत उर्फ पम्मा पुत्र महेंद्र सिंह उनके घर में घुस आया और उनकी लगभग 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री का हाथ पकड़कर उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना देरी किए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी और सक्रियता दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। उधर थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि आरोपी परमजीत उर्फ पम्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक रीनू पंवार, कांस्टेबल आकाश कुमार यादव तथा कांस्टेबल कृष्ण राणा शामिल रहे।