जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनी जन समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Share
भदोही। प्रतिदिन की भांति कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों व जनसामान्य की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत संवाद करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि एक माह का विशेष अभियान चलाकर टीम गठित करें और राजस्व विभाग से संबंधित अपने -अपने तहसीलों में लंबित धारा 24 एवं धारा 116 के सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। साथ ही अधिशासी अभियंता नलकूप  को निर्देश दिए कि विभागीय नालियों पर अतिक्रमण की सूची संबंधित तहसीलों को उपलब्ध कराएं तथा राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सीमांकन की कार्रवाई सुनिश्चित करें।read more:https://worldtrustednews.in/sahitya-chetna-samaj-holds-condolence-meeting-on-the-demise-of-swara-samragini-asha-bhosle-pays-heartfelt-tribute/ जनता दर्शन के दौरान प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से वार्ता करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई। विशेष रूप से जमीन से जुड़े विवादों के समाधान हेतु पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर भेजकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें और कार्य को अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें। निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का समाधान अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु जनता दर्शन में उपस्थित होकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें। साथ ही समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण करें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण संवेदनशीलता के साथ करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कुंवर वीरेंद्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय नारायण सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *