गाजीपुर। भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में रविवार, 12 अप्रैल 2026 को जनपद गाजीपुर की 10 विभिन्न सेवा बस्तियों में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह जनसेवा कार्यक्रम राष्ट्रीय मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन (NMO) इकाई, गाजीपुर मेडिकल कॉलेज द्वारा सेवा भारती के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए NMO इकाई के अध्यक्ष प्रो. धनंजय सिंह ने बताया कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से एक साथ 10 स्थानों पर शिविर लगाए गए। शिविर का संचालन मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. सत्येंद्र पाल, डॉ. चंद्रमौली मिश्रा, डॉ. मनोज बिंद, डॉ. भानु पांडे, डॉ. अमित यादव एवं डॉ. प्रभात कुमार के नेतृत्व में किया गया।उन्होंने बताया कि इस दौरान सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट, इंटर्न और एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। शिविर में पहुंचे सभी मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। जिन मरीजों में गंभीर रोग के संकेत मिले, उन्हें अगले दिन मेडिकल कॉलेज में विस्तृत जांच एवं परामर्श के लिए बुलाया गया।मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा, जो NMO इकाई के संरक्षक भी हैं, ने विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए NMO, सेवा भारती एवं सभी चिकित्सकों, रेजिडेंट्स और छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना की।यह स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।