कमरौली/अमेठी। जनपद के थाना कमरौली क्षेत्र अंतर्गत बीती रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कमरौली क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया कठौरा स्थित मोती दुबे का पुरवा गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग के निकट मंगलवार रात करीब 1:30 बजे एक अधेड़ व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। रेलवे से सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई, जिसमें मृतक की पहचान जयप्रकाश गिरी (55) पुत्र कन्हैयालाल गिरी, निवासी पूरे गोसाई, थाना कमरौली के रूप में हुई।
घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा परिजनों से पूछताछ कर यह जानकारी जुटाई जा रही है कि मृतक किन परिस्थितियों में देर रात रेलवे ट्रैक पर पहुंचा था। जांच के उपरांत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।