संग्रामपुर/अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र के शुकुलपुर से भवसिंहपुर होते हुए कालिकन धाम जाने वाले मार्ग पर खेतों के बीचोंबीच वर्षों से एक बिजली का पोल झुका हुआ खड़ा है, जो कभी भी गिरकर बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। यह पोल इस समय गेहूं की पकी फसल के बीच स्थित है, जिससे न केवल फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है, बल्कि शॉर्ट सर्किट या चिंगारी से आग लगने का भी खतरा बना हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से संबंधित विभाग तक पहुंचाई गई, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे विभागीय लापरवाही उजागर हो रही है और लोगों में आक्रोश व्याप्त है।ग्रामीण विनोद सिंह (विन्नू) ने कहा कि यह झुका हुआ पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे राहगीरों और किसानों की जान-माल को खतरा है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।आसपास के कई किसानों और ग्रामीणों ने भी बताया कि इसी प्रकार की स्थिति शुकुलपुर से अमिलहना होते हुए कालिकन धाम जाने वाले मार्ग के मोड़ (तिराहे) पर भी बनी हुई है, जहां एक अन्य बिजली का पोल टेढ़ा होकर गिरने की कगार पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन खतरनाक स्थिति वाले बिजली पोलों को शीघ्र ठीक कराया जाए या बदला जाए, ताकि संभावित दुर्घटना से बचाव हो सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।