भव्य कवि सम्मेलन “रसरंग 5.0” में ओज, हास्य और श्रृंगार का संगम

Share
गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज में सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था जनता लाइब्रेरी द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन “रसरंग 5.0” शनिवार, 28 मार्च 2026 को प्रभावती मैरेज हॉल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। हास्य, व्यंग्य, ओज, श्रृंगार, वीर रस, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रभक्ति जैसे विविध विषयों पर आधारित रचनाओं ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया।कार्यक्रम का संचालन प्रख्यात कवि दिनेश बावरा ने किया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति में जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में पानी की अहमियत और बढ़ेगी, इसलिए इसके संरक्षण के प्रति अभी से सजग होना जरूरी है।वीर रस के कवि अपूर्व विक्रम शाह ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं से देशभक्ति का जोश भर दिया। उनकी पंक्तियाँ—“तारीख़ गवाही देगी इस लाल हक़ीक़त की खनक-खनक…”और“खोद कर नाखून से हिन्दुस्तान की आज़ादी…” ने श्रोताओं में देशप्रेम की भावना को प्रज्वलित कर दिया। उन्होंने “हर घर तिरंगा” अभियान को जनआंदोलन के रूप में अपनाने का आह्वान भी किया।वहीं कवि विष्णु विराट ने श्रृंगार रस से वातावरण को भावुक और मधुर बना दिया। उनकी पंक्तियाँ—“जपने लगे वो नाम तो सबकुछ लगा दिया…”और “एक दीवार बनाओ, चुन दो सब दीवानों को… जुगनुओं ने शराब पी ली है अब सूरज को गालियाँ देंगे” ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से देर तक गूंजता रहा।हास्य कवि आदित्य जैन ने अपनी चुटीली प्रस्तुति से पूरे माहौल को हल्का-फुल्का और आनंदमय बना दिया, जिससे श्रोता हँसी से लोटपोट हो गए।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सलीम सिद्दीकी ने अपनी भावपूर्ण पंक्तियों से सामाजिक संदेश दिया—“बेटी है तो बेटों की जरूरत नहीं है…”और“माँ चल नहीं पाती है, हम ले चलेंगे…” जिन्होंने श्रोताओं के दिल को छू लिया।
इसके अलावा आकृति तिवारी, प्रज्जवल शुक्ला, कौशल पाण्डेय, मनु वैशाली, डॉ. आदित्य जैन सहित अन्य कवियों ने भी अपनी रचनाओं से समां बांधा। इस अवसर पर विधायक डॉ. एच. एन. सिंह पटेल ने भी अपनी कविताओं के माध्यम से गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और साहित्यिक आयोजन की सराहना की।कार्यक्रम में विधायक राजेश त्रिपाठी, शिरीष दास जी महाराज, ब्लॉक प्रमुख रामआशिष राय, डॉ. मनोज यादव, भुवनेश्वर चतुर्वेदी, परमा दूबे, अजय दुबे, वेदप्रकाश तिवारी , मंयक त्रिपाठी, निर्मला त्रिपाठी,  डॉ राम जायसवाल, धर्मराज, कृष्ण पाल सिंह , अंशु शुक्ल, सत्येंद्र दूसरे और प्रशांत शाही सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के संयोजक राज्य युवा पुरस्कार विजेता प्रणव द्विवेदी ‘शुभम’ एवं जनता लाइब्रेरी टीम ने सभी अतिथियों, साहित्य प्रेमियों, युवाओं, छात्र-छात्राओं और दूर-दराज से आए आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *