नई सड़कें बनते ही खुदाई, लोगों ने उठाए सवाल—विकास या बर्बादी

Share
अमेठी। जनपद में नई सड़कों की बार-बार खुदाई को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बिना समुचित योजना और समन्वय के केबल व पाइपलाइन बिछाने के नाम पर नई बनी सड़कों को बार-बार खोदा जा रहा है, जिससे सड़कें जल्दी खराब हो रही हैं और आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है।लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद उसे फिर से उखाड़ दिया जाता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि पाइपलाइन या केबल बिछाने का कार्य प्रस्तावित था, तो उसे पहले ही क्यों नहीं पूरा किया गया। इसे प्रशासनिक लापरवाही और विभागों के बीच तालमेल की कमी का परिणाम बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने इसे जनता के धन की बर्बादी करार देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यों से सरकारी खजाने पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है, जबकि जनता को धूल, जाम और खराब रास्तों की समस्या झेलनी पड़ती है। कई स्थानों पर खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत भी सही ढंग से नहीं की जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *