बहराइच l जनपद में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। इसका औपचारिक शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलारगंज में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा किया गया, जबकि इसी के साथ जनपद के सभी 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी एक साथ टीकाकरण सत्र शुरू किए गए।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद में लगभग 40 हजार किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह टीका 14 वर्ष की उन बालिकाओं को लगाया जा रहा है जिनका 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है लेकिन 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है। इस आयु वर्ग में दिया गया एचपीवी टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है, जिसका प्रमुख कारण “मानव पैपिलोमा विषाणु” संक्रमण माना जाता है।उन्होंने बताया अभियान के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि बालिकाओं को खाली पेट टीका न लगाया जाए। टीकाकरण से पहले उन्हें भोजन कराने की सलाह दी गई, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। टीका लगाने के बाद बाएं हाथ की तर्जनी उंगली पर पहचान चिह्न भी लगाया गया, जिससे टीकाकरण की निगरानी और पहचान में सुविधा हो सके।सीएमओ डॉ संजय कुमार ने अभिभावकों से अपील की है कि वे पात्र आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को इस महत्वपूर्ण टीके से अवश्य लाभान्वित कराएं, ताकि भविष्य में महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।इस अवसर पर शहरी नोडल अधिकारी डॉ पीके वर्मा, डबल्यूएचओ एसएमओ डॉ विपिन लिखोरे, पीएसआई से मनीष त्रिवेदी, यूनिसेफ़ डीएमसी दिलीप मिश्रा, यूएनडीपी से राजकुमार श्रीवास्तव, एआरओ मुशरफ व दीपक पाण्डेय व क्षेत्र की एएनएम और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर इस अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।