बीजपुर रोड पर फिर लगा लंबा जाम, खड़े वाहनों से बिगड़ी यातायात व्यवस्था

Share

अनपरा, बैढ़न (सिंगरौली)। शहर के बीजपुर रोड पर रविवार शाम एक बार फिर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। करीब आधा किलोमीटर तक लगे इस जाम में लोग 20 मिनट से अधिक समय तक फंसे रहे। जाम का मुख्य कारण सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन और लोडिंग-अनलोडिंग की गतिविधियां रहीं।जानकारी के अनुसार छत्रपति शिवाजी तिराहा के पास स्थित वेल्डिंग और सरिया-सीमेंट की दुकानों के सामने बड़े और छोटे वाहनों को सड़क पर खड़ा कर माल उतारने-चढ़ाने का काम किया जा रहा था, जिससे अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और जाम की स्थिति बन गई। रविवार होने के कारण बाजार में भीड़ अधिक थी, जिससे समस्या और बढ़ गई। जाम में फंसे लोगों ने बताया कि जल्द निकलने की कोशिश में कई वाहन चालकों ने अपने वाहन पीछे मोड़ने का प्रयास किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। इस दौरान कई वाहनों के बीच हल्की टक्कर भी हुई, जिससे विवाद की स्थिति बनती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि छत्रपति शिवाजी तिराहे से लेकर पेट्रोल पंप तक सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े किए जाते हैं और फुटपाथ तक पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे सड़क संकरी हो गई है। पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बचती, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग और कब्जे हटाए जाएं तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आए दिन लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *